Home Uncategorized भाजपा सरकार की किसान विरोधी मानसिकता का दूसरा उदाहरण कृषि उपज मंडियों...

भाजपा सरकार की किसान विरोधी मानसिकता का दूसरा उदाहरण कृषि उपज मंडियों के चुनाव हैं।- जय सक्सेना

भाजपा सरकार ने सहकारिता और मंडी चुनावों को बनाया राजनीतिक बंधक  

-आठ साल से किसानों को उनके प्रतिनिधित्व चुनने से वंचित रखा जा रहा है:- जय सक्सेना

छिन्दवाड़ा:- प्रदेश की भाजपा सरकार किसानों के लोकतांत्रिक अधिकारों और उनके प्रतिनिधित्व को लगातार कमजोर कर रही है। प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (पैक्स), जिला सहकारी बैंकों और कृषि उपज मंडियों के चुनाव बार-बार टालना इसका सबसे बड़ा प्रमाण है। उक्त उदगार जिला कांग्रेस सहकारिता प्रकोष्ठ के अध्यक्ष श्री जय सक्सेना ने सहकारी समितियों व व जिला सहकारी बैंकों के चुनाव एक वर्ष के लिए पुन: टाले जाने पर भाजपा सरकार को घेरते हुए व्यक्त किए।  

श्री सक्सेना ने आगे कहा कि प्रदेश में पैक्स के अंतिम चुनाव वर्ष 2013 में हुए थे और निर्वाचक मंडल का कार्यकाल 2018 तक था। नियमानुसार कार्यकाल समाप्त होने से छह महीने पहले चुनाव कराए जाने थे, किन्तु भाजपा की सरकार अलग-अलग कारणों से लगातार चुनाव टालती आ रही। वर्ष 2018 से अब तक किसानों को अपनी सहकारी समितियों के प्रतिनिधि चुनने का अवसर नहीं मिला है। अब वर्तमान मोहन यादव सरकार ने भी चुनाव एक साल आगे बढ़ाकर स्पष्ट कर दिया है कि भाजपा सरकार किसानों को सहकारिता व्यवस्था में भागीदारी देने के पक्ष में नहीं है। प्रदेश में 4,534 प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियां, 38 जिला सहकारी केंद्रीय बैंक और एक राज्य स्तरीय शीर्ष सहकारी बैंक हैं। इन सहकारी समितियों से लगभग 66 लाख किसान जुड़े हुए हैं। इतने बड़े किसान वर्ग को निर्वाचित प्रतिनिधित्व से वंचित रखना लोकतांत्रिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

भाजपा सरकार की किसान विरोधी मानसिकता का दूसरा उदाहरण कृषि उपज मंडियों के चुनाव हैं। प्रदेश में मंडी समितियों के अंतिम चुनाव वर्ष 2012 में हुए थे। नियमानुसार वर्ष 2017 में चुनाव होने थे, लेकिन अलग-अलग कारणों से लगातार टाले जाते रहे। जनवरी 2019 में मंडी समितियों की भंग की गई स्थिति के बाद से प्रशासनिक अधिकारियों के माध्यम से व्यवस्था संचालित हो रही है। प्रदेश की 259 कृषि उपज मंडियों से जुड़े लगभग 1 करोड़ 37 लाख किसान मतदाता अपने निर्वाचित प्रतिनिधियों से वंचित हैं।

दिसंबर 2023 में हाईकोर्ट ने 10 मार्च 2024 से पहले मंडी चुनाव कराने के निर्देश दिए थे। इसके बाद जून 2024 में राज्य सहकारी निर्वाचन प्राधिकारी द्वारा चार चरणों में चुनाव कार्यक्रम भी जारी किया गया था। कार्यक्रम के अनुसार 26 जून से 9 सितंबर 2024 तक मतदान होना था, लेकिन सरकार ने अचानक चुनाव कार्यक्रम निरस्त कर दिया। वर्ष 2025 में कानूनी प्रावधानों में बदलाव कर विशेष परिस्थितियों में चुनाव आगे बढ़ाने और प्रशासक बनाए रखने का प्रावधान किया गया। अब फिर एक साल के लिए चुनाव टालने का फैसला किसानों के अधिकारों के प्रति सरकार की गंभीरता पर सवाल खड़ा करता है।

उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर भाजपा सरकार किसानों को अपनी सहकारी समितियों और मंडियों के प्रतिनिधि चुनने का अधिकार क्यों नहीं देना चाहती? क्या सरकार को डर है कि निर्वाचित किसान प्रतिनिधि खाद-बीज की उपलब्धता, ऋण वितरण, फसल खरीदी, भुगतान में देरी, मंडियों में उपज के उचित दाम और किसानों के शोषण जैसे मुद्दों पर सरकार से जवाब मांगेंगे? किसानों की समस्याओं को सुनने और उनके हितों की रक्षा करने के लिए सहकारी समितियों और मंडियों में निर्वाचित प्रतिनिधियों की आवश्यकता है। जब समितियों और मंडियों में प्रशासक बैठाए जाएंगे तो किसानों की आवाज उठाने वाला लोकतांत्रिक मंच ही समाप्त हो जाएगा।

जय सक्सेना ने मांग की कि प्रदेश सरकार सहकारी समितियों, जिला सहकारी बैंकों और कृषि उपज मंडियों के चुनाव टालने की राजनीति बंद करे तथा तत्काल समयबद्ध चुनाव कार्यक्रम घोषित कराए। किसानों को उनके लोकतांत्रिक अधिकार वापस दिए जाएं, ताकि वे अपने प्रतिनिधि चुनकर सहकारिता और मंडी व्यवस्था को पारदर्शी, जवाबदेह और किसान हितैषी बना सकें।