नकुलनाथ 26 नवम्बर को जबलपुर में आयोजित संविधान रक्षा मार्च में होंगे शामिल
-छिन्दवाड़ा व पांढुर्ना जिला कांग्रेस के समस्त पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से जबलपुर पहुंचने का किया आग्रह-
-संविधान व लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए छिन्दवाड़ा व पांढुर्ना से पहुंचेंगे हजारों पदाधिकारी व कार्यकर्ता
छिन्दवाड़ा:- जिले के पूर्व सांसद माननीय नकुलनाथ जी ने छिन्दवाड़ा व पांढुर्ना जिले के साथ ही प्रदेश के समस्त जिलों के कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से जबलपुर पहुंचने का आग्रह किया है। उन्होंने कहा कि यह अवसर सौभाग्य से प्राप्त हो रहा है कि संविधान दिवस पर हम सभी एकजुट होकर “संविधान की रक्षा के लिए मार्च करेंगे” संविधान व लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करना हमारी जिम्मेदारी नहीं बल्कि हमारा प्रथम धर्म है। उन्होंने छिन्दवाड़ा व पांढुर्ना जिले के समस्त कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि सभी निर्धारित समय से जबलपुर पहुंचकर संविधान की रक्षा का संकल्प लें।
माननीय नकुलनाथ जी अपने पूर्व निर्धारित दौरा कार्यक्रम के अनुसार दिनांक 26 नवम्बर 2026 दिन गुरूवार को प्रात: 09 बजे विशेष वायुयान से नई दिल्ली से जबलपुर के लिए प्रस्थान करेंगे। प्रात: 10 बजे जबलपुर के डुमना एयरपोर्ट पहुंचेंगे। कांग्रेस पदाधिकारीगण उनकी अगवानी करेंगे। सड़क मार्ग द्वारा मप्र कांग्रेस कमेटी द्वारा आयोजित “संविधान रक्षा मार्च” के प्रारंभ स्थल शहीद स्मारक (गोल बाजार) पहुंचकर प्रदेशभर से आए कांग्रेस पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से भेंट करने के उपरांत संविधान रक्षा मार्च में सम्मिलित होकर संविधान व लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के साथ ही मतों के अधिकारों को सुरक्षित करने के लिए आवाज बुलंद करेंगे। संविधान की मूल भावना के साथ जिस तरह से छेड़छाड़ की जा रही है उसे व वोट की चोरी को रोकने के लिए मतदाताओं को जागरूक किया जाएगा।
जारी बयान में उन्होंने आगे कहा कि माननीय राहुल गांधी जी के नेतृत्व में सामाजिक न्याय व नागरिकों के मौलिक अधिकारों की रक्षा के साथ ही जारी मतों की चोरी को रोकने के लिए कांग्रेस एकजुट होकर संघर्ष कर रही है। जब तक चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली निष्पक्ष नहीं हो जाती और वोट की चोरी बंद नहीं होती तब तक यह संघर्ष सतत रूप से जारी रहेगा। उन्होंने कांग्रेसजन के अलावा आम लोगों से भी आग्रह किया कि वे भी इस संविधान रक्षा मार्च में सम्मिलित होकर संविधान की रक्षा में अपना अमूल्य योगदान दें।