आग से बचाव और त्वरित कार्रवाई के लिए प्रशासन मुस्तैद: कलेक्टर के निर्देश पर जिले की समस्त नगरीय निकायों के अधिकारियों व फायर स्टाफ विशेष प्रशिक्षण
छिंदवाड़ा। जिले की समस्त नगरीय निकायों में अग्नि दुर्घटनाओं की प्रभावी रोकथाम तथा आपातकालीन स्थितियों से तत्परतापूर्वक निपटने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। विगत दिनों जिला कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायन द्वारा नगर निगम के सभागृह कक्ष में जिले के सभी मुख्य नगर पालिका अधिकारियों (CMO) की बैठक लेकर राज्य सरकार द्वारा लागू किए गए नए फायर एक्ट—’मध्यप्रदेश अग्निशमन और आपातकालीन सेवा सामान्य नियम 2026′ के कड़ाई से पालन तथा फायर से जुड़े समस्त कर्मचारियों के लिए प्रशिक्षण शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए गए थे। इन्हीं निर्देशों के अनुपालन में आज दिनांक 22 नवंबर 2026 को नगर पालिक निगम छिंदवाड़ा के आयुक्त एवं जिला शहरी विकास अभिकरण (DUDA) के परियोजना अधिकारी श्री चंद्रप्रकाश राय के मार्गदर्शन में एक दिवसीय विशेष अग्नि सुरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें जिले की सभी नगरीय निकायों के मुख्य नगर पालिका अधिकारियों और फायर स्टाफ ने सक्रिय सहभागिता की।
प्रशिक्षण सत्र के दौरान उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को नए फायर एक्ट एवं ‘मध्यप्रदेश अग्निशमन और आपातकालीन सेवा सामान्य नियम 2026’ के प्रमुख प्रावधानों, अग्नि सुरक्षा प्रमाणपत्र (Fire NOC), निर्धारित भवनों के वार्षिक फायर ऑडिट और वैधानिक दायित्वों के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई। इसके साथ ही आग लगने की स्थिति में ‘क्विक रिस्पांस’ (त्वरित प्रतिक्रिया), कंट्रोल रूम की व्यवस्था को दुरुस्त रखने तथा सूचना प्राप्त होते ही बिना किसी विलंब के राहत दल को रवाना करने की कार्यप्रणाली पर विशेष जोर दिया गया। विशेषज्ञों द्वारा आग लगने के संभावित कारणों, विभिन्न श्रेणियों की आग को नियंत्रित करने की आधुनिक तकनीकों तथा अग्निशमन यंत्रों (Fire Extinguishers) और फायर टेंडर के सुरक्षित एवं त्वरित संचालन का प्रशिक्षण दिया गया। सैद्धांतिक ज्ञान के साथ-साथ समस्त फायर स्टाफ को आपातकालीन बचाव कार्यों और अग्निशमन उपकरणों के प्रभावी उपयोग का व्यावहारिक अभ्यास (Practical Knowledge) भी कराया गया, जिससे विपरीत परिस्थितियों में उनकी कार्यक्षमता को और अधिक सुदृढ़ किया जा सके। प्रशिक्षण के दौरान नगर निगम के फायर अधिकारी श्री अभिषेक दुबे सहित सभी मुख्य नगर पालिका अधिकारी एवं निकायों के फायर विभाग के कर्मचारी उपस्थित रहे। इस अवसर पर आयुक्त श्री चंद्रप्रकाश राय ने समस्त नगरीय निकायों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि वे अपने-अपने निकाय क्षेत्रों में ‘मध्यप्रदेश अग्निशमन और आपातकालीन सेवा सामान्य नियम 2026’ और अग्नि सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराएं। उन्होंने कहा कि कंट्रोल रूम को हर समय सक्रिय रखा जाए और समस्त फायर स्टाफ व संसाधनों को सदैव अलर्ट मोड पर रखा जाए, ताकि किसी भी आकस्मिक या आपदा की स्थिति में त्वरित राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित कर जन-धन की हानि को रोका जा सके।



