सांसद बंटी विवेक साहू ने किया पदोन्नत कर्मचारियों को सम्मानित
- लिपिक संघ के दीपावली मिलन एवं पदोन्नति सम्मान समारोह में शामिल हुए सांसद
- सांसद की विशेष उपस्थिति में पदोन्नति प्राप्त लिपिक कर्मचारियों का हुआ सम्मान
- सांसद ने लिपिकों की समस्याओं को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तक पहुँचाने का दिया आश्वासन
छिंदवाड़ा। मध्यप्रदेश लिपिक वर्गीय शासकीय कर्मचारी संघ जिला शाखा छिंदवाड़ा के द्वारा जिले के समस्त शासकीय विभागों में पदस्थ लिपिक कर्मचारियों के लिए दीपावली मिलन एवं पदोन्नति सम्मान समारोह 2026 का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छिंदवाड़ा एवं पांढुर्णा लोकसभा क्षेत्र के सांसद बंटी विवेक साहू की विशेष उपस्थिति रही। समारोह का विशेष आकर्षण पदोन्नति प्राप्त कर्मचारियों का सम्मान रहा। सांसद बंटी विवेक साहू के करकमलों से पदोन्नति प्राप्त समस्त कर्मचारियों को सम्मान प्रतीक चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित की गईं।
कार्यक्रम का शुभारंभ संघ के प्रांताध्यक्ष मुकेश चतुर्वेदी एवं प्रदेश महामंत्री संजय भावरकर द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर मां सरस्वती की पूजा-अर्चना के साथ किया गया। इस अवसर पर मंचासीन अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंटकर आत्मीय स्वागत किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित विभिन्न विभागों के लिपिक कर्मचारियों ने अपना परिचय दिया, जिससे आपसी परिचय, संवाद एवं संगठनात्मक एकजुटता को बढ़ावा मिला। मध्यप्रदेश लिपिक वर्गीय शासकीय कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष मोहित सूर्यवंशी ने अपने उद्बोधन में सभी पदोन्नति प्राप्त कर्मचारियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए मध्यप्रदेश शासन के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से लंबित लिपिक संवर्ग की पदोन्नति की प्रक्रिया 16 वर्षों के उपरांत प्रारंभ होना कर्मचारियों के लिए अत्यंत हर्ष एवं उत्साह का विषय है।
जिलाध्यक्ष मोहित सूर्यवंशी ने लिपिक संवर्ग की न्यायसंगत मांगों, वेतनमान संबंधी विसंगतियों एवं अन्य लंबित समस्याओं से सांसद बंटी विवेक साहू को अवगत कराते हुए शासन स्तर पर इनके शीघ्र निराकरण हेतु सकारात्मक पहल करने का आग्रह किया। इस पर सांसद बंटी विवेक साहू ने लिपिक कर्मचारियों की समस्याओं एवं मांगों को गंभीरता से सुना तथा आश्वस्त किया कि लिपिक संवर्ग की न्यायसंगत मांगों को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के समक्ष रखा जाएगा और उनके निराकरण हेतु आवश्यक प्रयास किए जाएंगे। मध्यप्रदेश लिपिक वर्गीय शासकीय कर्मचारी संघ, जिला शाखा छिंदवाड़ा ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित लिपिक साथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए लिपिक एकता, सम्मान एवं अधिकारों की लड़ाई को निरंतर मजबूती से आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया।
कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष नवीन बारस्कर, सांसद प्रतिनिधि रोहित पोफली, विशवेन्द्र बैस, कार्यक्रम अध्यक्ष श्रीमती मनीषा डेहरिया, महिला अध्यक्ष श्रीमती नीलू धुर्वे, उपाध्यक्ष श्रीमती नीलू पवार, उपाध्यक्ष मनीष बंदेवार जनजातीय विभागाध्यक्ष सुदीप कुमार कोष्टा, उपाध्यक्ष प्रकाश दलदले, कोषाध्यक्ष सारंग नादेकर, उपाध्यक्ष सजल दत्त, मंत्री मंडल सदस्य कृष्णा उईके सहित जिले के विभिन्न शासकीय विभागों के बड़ी संख्या में लिपिक कर्मचारी उपस्थित रहे।



