- भाजपा कार्यालय में होगा व्यापारी सम्मान एवं संवाद कार्यक्रम, सांसद-विधायक सहित वरिष्ठ नेता रहेंगे उपस्थित
छिंदवाड़ा। भारतीय जनता पार्टी व्यापारी प्रकोष्ठ के प्रदेश संयोजक धीरज खण्डेलवाल, कार्यालय मंत्री प्रवीण नीखरा एवं संभागीय प्रभारी श्रेयांश बैद्य आज 22 नवंबर को छिंदवाड़ा प्रवास पर रहेंगे। भाजपा व्यापारी प्रकोष्ठ के जिला संयोजक अरुण शर्मा ने बताया कि प्रदेश संयोजक सहित अतिथियों का नगर आगमन शाम 4:30 बजे होगा। प्रवास के दौरान विभिन्न संगठनात्मक एवं सामाजिक कार्यक्रमों में सहभागिता करेंगे। 23 नवंबर को दोपहर 12 बजे वे बालाघाट के लिए प्रस्थान करेंगे।
प्रवास के दौरान आज शाम 4:30 बजे फव्वारा चौक पर लघु उद्योग भारती के सदस्यों द्वारा अतिथियों का स्वागत किया जाएगा। इसके पश्चात बस स्टैंड पर व्यापारी एसोसिएशन द्वारा स्वागत किया जाएगा। शाम 5 बजे भाजपा जिला कार्यालय में आगमन होगा, जहां आयोजित व्यापारी सम्मान कार्यक्रम में प्रदेश संयोजक धीरज खण्डेलवाल सहित अतिथि व्यापारियों का सम्मान करेंगे। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव, सांसद विवेक बंटी साहू, विधायक सहित पार्टी के वरिष्ठ नेता उपस्थित रहकर व्यापारियों एवं व्यापारी प्रकोष्ठ के कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन करेंगे।
शाम 7 बजे भाजपा कार्यालय में व्यापारी प्रकोष्ठ के सदस्यों के साथ परिचय एवं संवाद कार्यक्रम आयोजित होगा। रात्रि 8 बजे लघु उद्योग भारती के सदस्यों के साथ राजेश दारा जुनेजा के निवास पर बैठक होगी। इसके पश्चात रात्रि 9 बजे मेडिकल एसोसिएशन के दीपावली कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे। रात्रि 9:30 बजे छोटी बाजार में उमंग सोनी के विवाह उपलक्ष्य में सौजन्य भेंट एवं सहभोज में शामिल होंगे।
प्रवास के दूसरे दिन 23 नवंबर को सुबह 10 बजे आदिवासी संग्रहालय के सामने स्थित कन्या छात्रावास में दिव्यांग बच्चों से भेंट एवं कन्या पूजन कार्यक्रम में सहभागिता करेंगे। सुबह 11 बजे भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव के निवास पर संगठनात्मक चर्चा होगी। इसके पश्चात सुबह 11:30 बजे गांधीगंज के व्यापारियों से भेंट एवं संवाद कर बालाघाट के लिए प्रस्थान करेंगे।



