Home CITY NEWS इंदिरा गांधी के चरणों में कांग्रेसजन ने किया नमन

इंदिरा गांधी के चरणों में कांग्रेसजन ने किया नमन

राजीव भवन, इंदिरा तिराहा व इंदिरा प्रियदर्शनी पार्क में मनाई गई राष्ट्रनेत्री की जयंती

–आयरन लेडी को पुष्पांजलि अर्पित कर किया याद  

छिन्दवाड़ा:- देश की प्रथम महिला प्रधानमंत्री स्व. श्रीमती इंदिरा गांधी जी को उनकी जयंती पर समस्त कांग्रेसजन ने पुष्पांजलि अर्पित की। छिन्दवाड़ा व पांढुर्ना जिला मुख्यालय सहित जिलेभर में कांग्रेसजन ने उन्हें याद किया। जिला मुख्यालय छिन्दवाड़ा में राजीव भवन में उनके छायाचित्र पर, इंदिरा तिराहा उनकी आदमकद प्रतिमा पर व इंदिरा प्रियदर्शनी पार्क में भी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर शत्-शत् नमन किए।

जिला कांग्रेस कमेटी के मार्गदर्शन में शहर कांग्रेस कमेटी के तत्वावधान में आयोजित इंदिरा गांधी जी के जयंती कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष श्री विश्वनाथ ओकटे ने कहा कि श्रीमती इंदिरा गांधी जी के भीतर गजब की राजनीतिक दूरदर्शिता थी। उन्होंने बैंकों के राष्ट्रीयकरण से लेकर अनेक दृढ़ फैसलें लिये जिन्हें आज भी याद किया जाता है। गरीबी मुक्त भारत उनका सबसे बड़ा सपना था जो आज भी पूरा नहीं हो पाया, जबकि समय के साथ गरीबी और अमीरी की खाई लगातार बढ़ती जा रही और इस खाई को अब पाटना और भी मुश्किल होता जा रहा है। श्री ओकटे ने कहा कि माननीय कमलनाथ जी को तीसरे बेटे के रूप में स्वीकारने वाली मां स्वरूपा इंदिरा गांधी जी साहस, सरलता एवं महिला सशक्तिकरण की अद्वितीय मिसाल रहीं है। इंदिरा जी को आज पूरा देश याद कर रहा है।

शहर कांग्रेस अध्यक्ष श्री धर्मेन्द्र सोनू मागो ने कहा कि महज ग्यारह वर्ष की आयु में ही इंदिरा गांधी जी ने ब्रिटिश शासन का विरोध करने के लिये बच्चों की वानर सेना बनाई थी। उनके ऐसे ही साहस, पराक्रम व ठोस निर्णय लेने की क्षमता के चलते उन्हें आयरन लेडी भी कहा गया। प्रथम महिला प्रधानमंत्री स्व. श्रीमती इंदिरा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें कोटिश: नमन करते हुये आगे कहा कि श्रीमती इंदिरा गांधी जी के कार्यकाल में देश ने नई ऊंचाईयों को छुआ है। इंदिरा जी और कांग्रेस के कार्यकाल में बैंक बनते थे, अब बैंक बिकते हैं। श्रीमती गांधी को अन्नत काल तक याद किया जाएगा।

आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस के समस्त विभाग, प्रकोष्ठ, अनुसांगिक संगठन व मोर्चा संगठन के पदाधिकारीगण व कार्यकर्तागण उपस्थित रहे।