Home CITY NEWS वृक्षों से संवाद करने पर वे हमारी हर कामना पूरी करते हैं,...

वृक्षों से संवाद करने पर वे हमारी हर कामना पूरी करते हैं, नदियां भी हमारी जीवनदायिनी शक्ति हैं : पंडित रविकांत शास्त्री

*मां नर्मदा चिंतन ज्ञान यज्ञ के पांचवें दिन वृक्षों और नदियों की महिमा का किया वर्णन*

छिंदवाड़ा। भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव एवं उनके परिवार द्वारा आयोजित मां नर्मदा चिंतन ज्ञान यज्ञ में पांचवें दिन कथा व्यास पंडित रविकांत शास्त्री ने वृक्षों और नदियों की महिमा का आध्यात्मिक एवं भावपूर्ण वर्णन किया। उन्होंने कहा कि प्रकृति के प्रत्येक स्वरूप में दिव्य चेतना और शक्ति विद्यमान है। वृक्षों से हमारा गहरा आत्मीय संबंध है। हम वृक्षों से बात करते हैं और उनसे जो मांगते हैं, वे हमें प्रदान करते हैं। वृक्ष केवल हमारी आवश्यकताओं की पूर्ति नहीं करते, बल्कि जीवन को प्राणवायु, छाया, फल और पर्यावरण का संतुलन भी देते हैं।

पंडित रविकांत शास्त्री ने कहा कि जिस प्रकार हम वृक्षों से संवाद करते हैं, उसी प्रकार हमें नदियों के साथ भी आत्मीय संबंध स्थापित करना चाहिए। हम नदियों से बात नहीं करते, जबकि नदियां केवल जल का स्रोत नहीं, बल्कि जीवनदायिनी शक्ति हैं। मां नर्मदा के प्रति श्रद्धा का अर्थ केवल उनकी पूजा-अर्चना करना नहीं, बल्कि उनके अस्तित्व, पवित्रता और प्राकृतिक स्वरूप का सम्मान करना भी है। नदियों और प्रकृति के साथ संवाद हमें अपनी संस्कृति, आध्यात्मिक चेतना और जीवन के मूल्यों से जोड़ता है।

उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में प्रकृति के प्रत्येक तत्व को पूजनीय माना गया है। वृक्ष, नदियां, पर्वत और धरती सभी हमारे जीवन के आधार हैं। इसलिए इनका संरक्षण करना भी हमारी आध्यात्मिक और सामाजिक जिम्मेदारी है।

मां नर्मदा चिंतन ज्ञान यज्ञ में जिला महामंत्री विजय पांडे, संजय पटेल, धर्मेंद्र मिगलानी, दीपक कोल्हे, दिनसू यादव, हिमाचल ठाकुर, अनीस पटेल, मनीष निर्मलकर, शिवा सरसवार, प्रशांत भावरकर, कमल बाजपेयी, लवकेश यादव सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित होकर कथा श्रवण कर रहे हैं।