Home CITY NEWS माटी हमारी मां है, उसका वंदन ही सर्वश्रेष्ठ पूजा है : दादा...

माटी हमारी मां है, उसका वंदन ही सर्वश्रेष्ठ पूजा है : दादा गुरु

मां नर्मदा चिंतन ज्ञान यज्ञ के सातवें दिन माटी के महत्व और प्रकृति से जुड़कर जीवन जीने का दिया संदेश जीवन जीना ह, शक्ति को जानना पहचान्ना ह तो मां नर्मदा के पथ पर चलो मेरे साथ https://youtu.be/pXvdeQjZLxs?si=1SWJDomE3S1F4jI0

सूचना तंत्र छिंदवाड़ा। भाजपा जिलाध्यक्ष शेषराव यादव एवं उनके परिवार द्वारा आयोजित मां नर्मदा चिंतन ज्ञान यज्ञ के सातवें दिन दादा गुरु ने माटी के महत्व और प्रकृति के प्रति भारतीय संस्कृति की आस्था पर प्रकाश डालते हुए कहा कि माटी हमारी मां है और इस माटी का वंदन ही सर्वश्रेष्ठ पूजा है। गुरु और गोविंद ने भी हमें माटी से जुड़कर जीवन जीने का संदेश दिया है। केवल इन बातों को मानना पर्याप्त नहीं है, बल्कि इन्हें अपने जीवन में उतारना भी आवश्यक है। जब हम माटी और प्रकृति के साथ जुड़कर जीवन जीएंगे, तभी यह सत्संग और यज्ञ सार्थक होगा।

दादा गुरु ने कहा कि हम भगवान राम और श्रीकृष्ण को मानते हैं, जिन्होंने नदियों और प्रकृति की शक्तियों के तटों पर अपनी लीलाएं की हैं। हम उन्हीं भगवान श्रीकृष्ण को अपना आराध्य मानते हैं, जिन्होंने गोवर्धन पर्वत को अपना स्वरूप मानकर उसकी पूजा का संदेश दिया। भगवान श्रीकृष्ण ने गोवर्धन पूजा के माध्यम से हमें सिखाया कि पर्वत, पहाड़ और प्रकृति के प्रत्येक स्वरूप में ईश्वर का वास है और उनकी पूजा एवं संरक्षण हमारा दायित्व है।

उन्होंने कहा कि प्रकृति के प्रति श्रद्धा और सम्मान भारतीय संस्कृति के संस्कारों में रचा-बसा है। हमारे यहां प्रत्येक घर में तुलसी का चौरा होता है, जहां तुलसी का पौधा स्थापित कर मां प्रतिदिन उसकी पूजा और प्रार्थना करती हैं। यह केवल धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि प्रकृति के प्रति सम्मान और उसके साथ आत्मीय संबंध का प्रतीक है। आज दुनिया यह मानने लगी है कि पेड़ और पहाड़ भी सुनते हैं, लेकिन हमारी सनातन संस्कृति में तो बच्चे-बच्चे को जन्म से ही यह संस्कार दिया जाता है कि पेड़, पहाड़ और प्रकृति के प्रत्येक स्वरूप में चेतना और दिव्यता विद्यमान है।

दादा गुरु ने कहा कि हमें प्रकृति की महत्ता को केवल स्वीकार ही नहीं करना है, बल्कि उसे अपने आचरण और जीवनशैली में भी शामिल करना है। माटी, वृक्ष, पर्वत और नदियों के प्रति हमारी श्रद्धा केवल पूजा-पाठ तक सीमित न रहे, बल्कि उनके संरक्षण और संवर्धन के लिए भी हम अपनी जिम्मेदारी निभाएं। जब हम प्रकृति को मां का स्वरूप मानकर उसके प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे, तभी हमारी आध्यात्मिक साधना, सत्संग और यज्ञ का वास्तविक उद्देश्य पूरा होगा।

आज की कथा के दौरान चौधरी चंद्रभान सिंह, शैलेन्द्र रघुवंशी, आशीष ठाकुर, अरुण शर्मा, धर्मेंद्र मिगलानी, संजय पटेल, संदीप रघुवंशी, कुबेर सिंह सूर्यवंशी, गोविंद चौरसिया, उत्कर्ष सिंह चौधरी, सुनील ठाकुर, रूपसिंग पटेल, संदीप सिंह चौहान, जुगल यादव, अनीस पटेल, हिमाचल ठाकुर, श्रीमती आरती खंडेलवाल, श्रीमती वंदना विश्वकर्मा, श्रीमती नीलाम लिल्हारे, श्रीमती नीलू क्षेत्री,  श्रीमती अनिता ठाकरे, एड. विजय सुलाखिया, अभिषेक प्रधान, मनीष निर्मलकर, जय पटेल, प्रशांत भावरकर, विजय नामदेव, राहुल बादशाह, नितिन कातिया, कमल बाजपेयी सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने उपस्थित रहकर कथा का श्रवण किया।