विद्युत वितरण कम्पनी के तुगलकी फरमान पर भड़की कांग्रेस
कहा किसानों को अस्थाई कनेक्शन नहीं मिला तो होगा आंदोलन
-किसानों ने खेतों में बोई रबी की फसल तक वितरण कम्पनी ने अस्थाई विद्युत कनेक्शन देने पर लगाया प्रतिबंध जारी किया आदेश
छिन्दवाड़ा:- भाजपा सरकार में विद्युत वितरण कम्पनी ने एक तुगलकी फरमान जारी किया है। जारी आदेश पर कांग्रेस ने किसान हित में आपत्ति दर्ज कराते हुए कहा कि यदि भाजपा सरकार ने यह आदेश वापिस लेने का तत्काल निर्णय नहीं लिया तो, सरकार के ख़िलाफ़ एक बड़ा आंदोलन किया जाएगा,जिसकी सम्पूर्ण जवाबदेही शासन व प्रशासन की होगी। किसानों को अस्थाई कनेक्शन दिए जाने पर लगाई गई पाबंदी पूर्णत: किसान विरोधी है। वर्तमान में खेतों में रबी सीजन की फसलें बोई जा चुकी है, अगर अस्थाई कनेक्शन नहीं मिला तो किसान बर्बाद हो जाएगा। मप्र के पूर्व मुख्यमंत्री माननीय कमलनाथ जी एवं पूर्व सांसद माननीय नकुलनाथ जी के मार्गदर्शन में कांग्रेस जन किसान भाइयो के हित में सड़क पर उतरकर आंदोलन करेगे ।
कांग्रेस छिन्दवाड़ा ग्रामीण भाग एक व दो के पर्यवेक्षक श्री मनीष पांडे, अध्यक्ष जीवन पटेल व अजय पटेल ने संयुक्त प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि,मप्र पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कम्पनी ने किसान विरोधी भाजपा सरकार के इशारों पर एक आदेश जारी किया है। जिसमें उल्लेख किया है कि,पेंच व्यपवर्तन परियोजना की दायी तट मुख्य नहर (चांद तहसील की ओर) एवं माचागोरा बांध से खुली भूमि में रबी सिंचाई वर्ष 2026-27 हेतु कृषकों को बिना विभाग की सहमति के अस्थाई विद्युत कनेक्शन मोटर पम्प लगाने की अनुमति प्रदान नहीं की जाए। सबसे बड़ा प्रश्न यह कि जब किसानों ने अपने खेतों में रबी सीजन की फसलों की बोवनी कर दी, तब इस तरह का फरमान किसानों के अरमानों पर पानी फेरने वाला साबित हो रहा है। अगर यह निर्णय लिया जाना था तो पहले लिया जाता और सूचित भी किया जाना था, ताकि किसान भाई खेतों में बीज नहीं डालते। किन्तु भाजपा सरकार में बेलगाम हुई विभागीय कार्यप्रणाली किसान भाइयों को हानि पहुंचा रही है।
किसान विरोधी प्रदेश की भाजपा सरकार के अधिनस्थ विद्युत वितरण कम्पनी द्वारा जारी किया गया आदेश पूरी तरह से किसान भाइयों के खिलाफ है। सरकार ने पहले ही कहा था कि,माचागोरा जलाशय से नहर के द्वारा सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी दिया जाएगा। उस दौरान किसी प्रकार की नियमावली व शर्तों का उल्लेख नहीं किया गया था। इसके चलते किसान भाइयों ने अपने खेतों में रबी सीजन की बोवनी कर दी तो वहीं कुछ किसान भाई बोवनी की तैयारी पूर्ण कर चुके हैं। चांद तहसील की ओर एवं माचागोरा बांध से खुली भूमि वाले किसानों को अस्थाई कनेक्शन नहीं मिलने से अब उनकी फसलें पूरी तरह से बर्बाद हो जाएगी। मनीष पांडे, जीवन पटेल व अजय पटेल ने कहा कि जारी आदेश तत्काल वापिस नहीं लिया गया तो कांग्रेस किसान हित में आंदोलन करेगी जिसकी सम्पूर्ण जवाबदेही शासन व प्रशासन की होगी।



