Home Uncategorized कर वसूली में गबन की मंशा, आई.डी. दुरुपयोग और फर्जी हस्ताक्षर सिद्ध:...

कर वसूली में गबन की मंशा, आई.डी. दुरुपयोग और फर्जी हस्ताक्षर सिद्ध: नगर निगम आयुक्त ने रोजगार सहायक को किया सेवा से बर्खास्त

सूचना तंत्र छिंदवाड़ा। शासकीय धन के हेरफेर, संदिग्ध संनिष्ठा और वित्तीय अनियमितताओं के विरुद्ध सख्त रुख अपनाते हुए नगर पालिक निगम छिंदवाड़ा के आयुक्त श्री चंद्रप्रकाश राय ने संपत्ति कर वसूली काउंटर पर पदस्थ रोजगार सहायक श्रीमती प्रीति सूर्यवंशी को सेवा से पदच्युत (बर्खास्त) करने का कठोर आदेश जारी किया है। म.प्र. सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण तथा अपील) नियम 1966 के प्रावधानों के अंतर्गत यह दंडात्मक कार्रवाई की गई है। विभागीय जांच में श्रीमती प्रीति सूर्यवंशी पर लगाए गए सभी गंभीर आरोप पूर्णतः प्रमाणित पाए गए।
नगर निगम आयुक्त श्री सीपी राय के आदेश के अनुसार, श्रीमती प्रीति सूर्यवंशी द्वारा 01 अप्रैल 2025 से 17 सितंबर 2025 की अवधि में संपत्ति कर वसूली काउंटर से उपभोक्ताओं को रसीदें जारी कर कर/शुल्क वसूल किया गया। जांच के दौरान एम.आई.एस. रिपोर्ट तथा कैशियर कैशबुक के मिलान में ₹5,34,799 का बड़ा अंतर सामने आया, जिसे नियत तिथियों में निकाय कोष में जमा नहीं किया गया। इस अंतर राशि में से ₹3,46,000 को प्रभारी अधिकारी के संज्ञान में लाए बिना सीधे निकाय के बैंक में जमा की गई। प्रशासन ने इसे निकाय निधि के गबन/प्रभक्षण की मंशा का स्पष्ट प्रमाण माना।
जांच प्रतिवेदन में यह भी उजागर हुआ कि वसूली काउंटर का संचालन श्रीमती सूर्यवंशी द्वारा प्रभारी राजस्व लिपिक की आई.डी. पर बिना प्रतिदिन के सत्यापन के किया जाता रहा और किसी भी त्रुटि की सूचना वरिष्ठ अधिकारियों को नहीं दी गई। इतना ही नहीं, दुकान किराया वसूली शाखा की आई.डी. का भी दुरुपयोग करते हुए रसीदें जारी की गईं।
02 सितंबर 2025 को कैशियर शाखा में जमा राशि ₹1,59,485 के स्थान पर एम.आई.एस. रिपोर्ट में ₹2,17,413 दर्ज होना, कैशियर कैशबुक में राशि के सामने बार-बार कांट-छांट तथा कैशियर श्री रविशंकर राहगंडाले के प्रतिवेदन के आधार पर पावती पर फर्जी हस्ताक्षर किए जाने जैसे गंभीर तथ्य भी जांच में सामने आए। इसके अतिरिक्त वर्ष 2024-25 तथा 01 अप्रैल 2025 के बाद जारी रसीद बुक्स उपयोग के बाद अंकेक्षण व जांच के लिए स्टोर/प्रभारी शाखा में जमा नहीं की गईं। स्थानीय निधि संपरीक्षा (ऑडिट) के पत्र के अनुसार रसीद बुक व दाखिला पंजी के मिलान में ₹5,189 कम जमा पाए गए, निरस्त रसीदों के कटे पृष्ठ व कार्बन प्रति में शब्दों का अंतर मिला तथा दाखिला पंजी भी जांच में उपलब्ध नहीं हुई।
प्रकरण में प्रथम दृष्टया जांच के बाद 29 अक्टूबर 2025 को सेवा से विरत (सस्पेंड) कर विभागीय जांच संस्थित की गई थी। सहायक आयुक्त सुश्री मीना कोरी द्वारा की गई विभागीय जांच में सभी आरोप सिद्ध पाए गए। नैसर्गिक न्याय के सिद्धांत के तहत श्रीमती सूर्यवंशी को अंतिम सुनवाई का अवसर भी दिया गया। पंचायतराज संचालनालय के 04 अप्रैल 2015 के परिपत्र के अनुसार विघटित पंचायतों के नियोजित कर्मचारियों के संबंध में नगरीय निकाय को सक्षम प्राधिकारी मानते हुए आयुक्त ने स्पष्ट किया कि यह कृत्य पदीय कर्तव्यों के प्रति घोर लापरवाही, अनुशासनहीनता, संदिग्ध संनिष्ठा और निगम को आर्थिक क्षति पहुंचाने वाला है। इस कार्रवाई के बाद नगर निगम आयुक्त श्री चंद्र प्रकाश राय ने आदेश जारी कर श्रीमती प्रीति सूर्यवंशी की सेवाएं समाप्त कर उन्हें सेवा से पदच्युत ( बर्खास्त) कर दिया गया।
निगम प्रशासन ने दो टूक संदेश दिया है कि शासकीय कोष और राजस्व वसूली में किसी भी प्रकार की अनियमितता, आई.डी. दुरुपयोग या गबन की मंशा को कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के विरुद्ध कठोरतम वैधानिक व प्रशासनिक कार्रवाई जारी रहेगी।