लोकतंत्र की मजबूती के लिए युवाओं की रचनात्मक पहल: प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में प्रतियोगिताओं का आयोजन
छिंदवाड़ा। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान के अंतर्गत “लोकतंत्र बनाम अराजकता” विषय पर निबंध, चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। युवाओं में संवैधानिक मूल्यों, अनुशासन और जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित इन प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह से भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपने शब्दों, रंगों और विचारों के जरिए यह संदेश दिया कि मजबूत लोकतंत्र ही समाज में शांति, स्थिरता और विकास का आधार है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं जनभागीदारी समिति के अध्यक्ष श्री भारत घई ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए एस.आई.आर. (SIR) प्रक्रिया के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और पारदर्शी मतदाता सूची किसी भी लोकतंत्र की रीढ़ होती है। अवैध घुसपैठियों और अपात्र मतदाताओं के नाम सूची से हटाकर पात्र नागरिकों के हक की रक्षा करना तथा उन्हें उनके संवैधानिक मताधिकार का लाभ दिलाना ही एस.आई.आर. प्रक्रिया का उद्देश्य है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे स्वयं जागरूक बनें और समाज में सही जानकारी साझा करें।
इस अवसर पर जनभागीदारी समिति के सदस्य श्री कृपाशंकर सूर्यवंशी, श्री राकेश पहाड़े एवं श्री तरुण सोनी की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया गया। आयोजन में महाविद्यालय परिवार, प्राध्यापकगण तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।



