-नगर निगम की लापरवाही के चलते गंदा पानी पीने को मजबूर कॉलोनीवासी
छिन्दवाड़ा:- नगर निगम प्रशासन की लापरवाही व निष्क्रियता से शहरवासी पानी की विकराल समस्या के अलावा गटर का गंदा व दूषित पानी पीने को मजबूर है। नगर निगम के द्वारा जलकर में बढोत्तरी करने के बाद वसूली में बड़ी मुस्तैदी दिखाती है, किन्तु शहरवासियों की समस्याओं से उनका कोई सरोकार नहीं है। शहर की घनी बस्तियों व व्यवस्थित कॉलोनियों में गंदा व दूषित पानी पीने से अनेकों लोग बीमारी के शिकार हो रहे हैं, फिर भी नगर निगम प्रशासन कुंभकर्णी नींद में सोया है।
सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायत के निराकरण में भी कोई रुचि दिखाई नहीं देती उक्त आशय के आरोप लगाते हुए कांग्रेस जनसमस्या निवारण प्रकोष्ठ के अध्यक्ष मुकेश उपाध्याय ने कहा कि शहर में जल संकट के चलते एक दिन के अंतराल से पेयजल की आपूर्ति की जा रही। विभिन्न क्षेत्रों में नालियों का गंदा पानी लोगों के घरों तक पाईप लाईन से घरों तक पहुंच रहा है इसका एक उदाहरण वार्ड क्रमांक:-2 की हाऊसिंग बोर्ड कॉलोनी भी हैं जहां के वाशिंदों द्वारा नगर निगम में हर स्तर पर शिकायत करते हुए सीएम हेल्पलाइन में भी दस्तक दी है, लेकिन नगरनिगम के लापरवाही अड़ियल रवैया के चलते समस्या जस की तस बनी हैं। लोगों में आक्रोश साफ नजर आ रहा है।
एक दिन अंतराल के बाद भी रहवासियों को पर्याप्त पानी नहीं मिल रहा है जैसे ही पानी सप्लाई शुरू होती है गंदा पानी आने लगता है काफी देर बाद साफ पानी नलों में आता है तब तक नल बंद हो जाता है। सवाल यह उठता है कि आखिर कब तक कॉलोनीवासी गंदा व दूषित पानी पीने के लिये मजबूर होंगे समस्या का अभी तक समाधान क्यों नहीं किया जा रहा है शहर कई क्षेत्रों में दूषित पानी से लोग बीमार हो रहे हैं फिर भी नगर निगम प्रशासन ठोस कदम उठाने नाकाम साबित हो रहा है ऐसे में दूषित पानी पीने से कोई भी अप्रिय घटना हो सकती है। नगर पालिका निगम प्रशासन से मांग है कि तत्काल दूषित पानी की समस्या के निराकरण हेतु कारगर कदम उठाये उक्त मांग करने वालों में प्रमुखतः बिंजू माम्मन सुनील इंगले फरहान आजमी इत्यादि ने की है।
