अवकाश के दिन भी राजस्व वसूली पर कड़ा प्रहार: वार्ड क्रमांक 10 में 4 अवैध नल व 7 बकायादारों के कनेक्शन विच्छेद
छिंदवाड़ा। नगर पालिक निगम छिंदवाड़ा की आर्थिक स्थिति को मजबूत करने और बकाया करों की प्रभावी वसूली सुनिश्चित करने के लिए निगम का राजस्व अमला प्रतिदिन विभिन्न वार्डों में सघन कार्रवाई कर रहा है। नगर निगम आयुक्त श्री सी.पी. राय के सख्त निर्देशों के क्रम में शनिवार, 28 नवंबर 2026 को अवकाश के दिन भी सहायक आयुक्त सुश्री मीना कोरी के नेतृत्व में वार्ड क्रमांक 10 में विशेष कार्रवाई की गई।
निरीक्षण के दौरान वार्ड क्रमांक 10 में 4 अवैध नल कनेक्शन पाए गए, जिन्हें निगम अमले ने मौके पर ही तत्काल विच्छेद कर दिया। इसके अतिरिक्त संपत्ति कर एवं जल कर का बकाया भुगतान न करने वाले 7 उपभोक्ताओं व करदाताओं के विरुद्ध भी सख्त कार्रवाई करते हुए उनके नल कनेक्शन विच्छेद किए गए।
कार्रवाई के दौरान संपत्ति कर और जल कर के 4 बड़े बकायादारों को 3 दिन का स्पष्ट अल्टीमेटम दिया गया है कि वह तीन दिन में अपना बकाया कर जमा करें, अन्यथा उनकी संपत्ति कुर्क करने की कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। शनिवार को निगम के विभिन्न वार्डों में 5 लाख रुपये संपत्ति कर एवं 2 लाख रुपये जलकर जमा कराया गया।
निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आयुक्त श्री सी.पी. राय के निर्देशानुसार सहायक आयुक्त सुश्री मीना कोरी के नेतृत्व में विभिन्न वार्डों में राजस्व वसूली और अनधिकृत कनेक्शनों के विरुद्ध यह सख्त अभियान सोमवार से प्रतिदिन निरंतर जारी रहेगा। नगर निगम ने समस्त करदाताओं व नागरिकों से अपील की है कि वे नल विच्छेदन और संपत्ति कुर्की जैसी दंडात्मक कार्रवाई से बचने के लिए अपने बकाया करों का समय पर भुगतान करें।



