Home CITY NEWS रोको-टोको अभियान’ के तहत दीनदयाल पार्क से जिला न्यायालय तक अतिक्रमण पर...

रोको-टोको अभियान’ के तहत दीनदयाल पार्क से जिला न्यायालय तक अतिक्रमण पर कड़ा प्रहार: करीब 60 कब्जे हटाए गए

‘

शनिवार को इंदिरा चौराहे से ईएलसी चौक तक चलेगी मुहिम

छिंदवाड़ा। शहर की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त बनाने और यातायात को सुचारू रखने के लिए नगर पालिक निगम छिंदवाड़ा द्वारा संचालित प्रतिदिन के ‘रोको-टोको अभियान’ के तहत शुक्रवार, 27 नवंबर 2026 को सघन अतिक्रमण विरोधी कार्रवाई की गई। नगर निगम आयुक्त श्री सी.पी. राय के नेतृत्व में चलाए गए इस विशेष अभियान के दौरान निगम के अतिक्रमण निरोधक दस्ते ने प्रमुख प्रशासनिक व व्यस्त मार्ग पर पहुंचकर अवैध कब्जों के विरुद्ध सख्त कदम उठाए।
आयुक्त श्री सी.पी. राय ने शहर की यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने के लिए प्रतिदिन ‘रोको-टोको अभियान’ के तहत सड़क पर सामान फैलाने या मार्ग बाधित करने वालों के विरुद्ध सामग्री जब्ती व जुर्माने की कठोर कार्रवाई करने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को दीनदयाल पार्क के सामने से परशुराम वाटिका होते हुए कलेक्टर कार्यालय रोड से जिला न्यायालय तक विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान संचालित किया गया। कार्रवाई के दौरान इस मार्ग पर लगभग 60 फुटकर व्यापारियों द्वारा किया गया अतिक्रमण हटाया गया और सड़क व आवागमन में बाधक बन रहे 5 हाथ ठेलों को जब्त कर फटका मशीन पर पहुंचाया गया। व्यस्त कलेक्टरेट रोड और जिला न्यायालय मार्ग से अतिक्रमण हटने से राहगीरों और वाहन चालकों को बड़ी राहत मिली।
अभियान के इसी क्रम में निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शनिवार, 28 नवंबर 2026 को इंदिरा चौराहे से ईएलसी चौक तक अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए मौके पर अनाउंसमेंट के माध्यम से संबंधित व्यापारियों, पथ विक्रेताओं और नागरिकों को पूर्व सूचना देकर आगाह कर दिया गया है। निगम प्रशासन ने कहा है कि निर्धारित मार्ग पर स्वयं अतिक्रमण न हटाने तथा सड़क पर सामान या ठेले रखकर यातायात बाधित करने पर सामग्री जब्ती के साथ-साथ नियमानुसार जुर्माने व अन्य दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम ने समस्त व्यापारियों, पथ विक्रेताओं और नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी सामग्री निर्धारित सीमा में ही रखें और शहर की व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन को पूर्ण सहयोग प्रदान करें।