छिंदवाड़ सूचना तंत्र- विश्व धरोहर सप्ताह (वर्ल्ड हेरिटेज वीक) के अवसर पर छिंदवाड़ा की ऐतिहासिक विरासत को करीब से जानने के उद्देश्य से बुधवार, 25 नवंबर को देवगढ़ में निःशुल्क ‘हेरिटेज वॉक’ का आयोजन किया गया। कलेक्टर हरेंद्र नारायण की मौजूदगी और मार्गदर्शन में सुबह देवगढ़ बाजार चौक से ऐतिहासिक देवगढ़ किले तक लगभग 2 किलोमीटर की इस वॉक में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों और प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कलेक्टर रहे मौजूद, पुरानी धरोहर व देवगढ़ की विरासत पर हुई विस्तृत चर्चा
आयोजन के दौरान कलेक्टर हरेंद्र नारायण स्वयं उपस्थित रहे, जहां पुरानी धरोहरों के संरक्षण को लेकर विस्तृत चर्चा की गई तथा पुरातत्व विशेषज्ञों द्वारा देवगढ़ किले की गौरवशाली विरासत और इतिहास की विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही, लोगों ने आसपास के क्षेत्रों में विकसित किए गए ‘होम-स्टे’ (Home Stays) का भी अवलोकन किया।
इस पहल के संबंध में बताया गया कि ऐसे आयोजनों से जिले में पर्यटन को बढ़ावा देने में बड़ा योगदान मिलेगा। जब बाहर के लोग देवगढ़ के इतिहास और इसकी विरासत से परिचित होंगे, तो वे यहां भ्रमण करने के लिए आकर्षित होंगे। पर्यटकों के आगमन से न केवल क्षेत्र की पहचान बढ़ेगी, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था (इकोनॉमी) और रोजगार को भी सीधा लाभ मिलेगा।


