Home CITY NEWS सिवनी रोड की पटाखा दुकानों पर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई:

सिवनी रोड की पटाखा दुकानों पर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई:

सिवनी रोड की पटाखा दुकानों पर नगर निगम की बड़ी कार्रवाई: जनप्रतिनिधियों की फोटो लगाकर अवैध ब्रांडिंग करने वाले होर्डिंग-पोस्टर जब्त, अतिक्रमण करने पर तीन दुकानदारों के काटे दो-दो हजार के चालान*

छिंदवाड़ा। शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम बनाए रखने और आम राहगीरों को आवागमन में हो रही असुविधा से राहत दिलाने के उद्देश्य से नगर निगम आयुक्त श्री चंद्रप्रकाश राय के सख्त निर्देशों पर निगम का अतिक्रमण विरोधी दस्ता लगातार मैदानी स्तर पर सक्रिय है। दस्ते द्वारा शहर के व्यस्ततम मार्गों पर निरंतर कार्रवाई करते हुए दुकानदारों और पथ विक्रेताओं को सड़क सीमा में दुकान न लगाने की सख्त हिदायत दी जा रही है, ताकि मुख्य मार्ग अतिक्रमण मुक्त रहें और यातायात बाधित न हो।
इसी क्रम में आयुक्त श्री चंद्रप्रकाश राय के निर्देशानुसार नगर निगम का अतिक्रमण निरोधक दस्ता एवं राजस्व की संयुक्त टीम रविवार को सिवनी रोड स्थित पटाखा दुकानों का निरीक्षण करने पहुंची। निरीक्षण के दौरान यह बात प्रमुखता से सामने आई कि कुछ दुकानदारों द्वारा जनप्रतिनिधियों की फोटो का उपयोग कर अपनी दुकानों के बाहर अनाधिकृत रूप से ब्रांडिंग की जा रही थी। मौके पर रवि पटाखा भंडार, दीपक पटाखा भंडार और शिव शंभू पटाखा भंडार द्वारा सड़क पर अतिक्रमण कर बड़े-बड़े होर्डिंग, बैनर और पोस्टर लगाए गए थे। जनप्रतिनिधियों के चित्रों के माध्यम से की जा रही इस अवैध ब्रांडिंग और अतिक्रमण पर तत्काल संज्ञान लेते हुए नगर निगम अतिक्रमण एवं राजस्व की टीम ने मौके पर जाकर ऐसे समस्त होर्डिंग, बैनर और पोस्टरों को हटाकर जब्त किया, साथ ही तीनों दुकानदारों के विरुद्ध दो-दो हजार रुपये की चालानी कार्रवाई की गई।
इसके साथ ही निरीक्षण के दौरान अमले ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए सभी पटाखा विक्रेताओं को अपने साइन बोर्ड निर्धारित सीमा के भीतर ही रखने तथा पटाखों का स्टॉक व सामग्री दुकान के अंदर ही सुरक्षित रखने के कड़े निर्देश भी दिए। नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि निगम आयुक्त के निर्देशानुसार सार्वजनिक मार्गों से अतिक्रमण हटाने तथा जनप्रतिनिधियों की फोटो का दुरुपयोग कर की जा रही अवैध ब्रांडिंग व प्रचार सामग्री के विरुद्ध यह मुहिम आगे भी निरंतर जारी रहेगी।