छिंदवाड़ा – 11वें वर्ष भी परंपरा और उत्साह के साथ हुआ मढ़ई मेले एवं अहिरी नृत्य का भव्य आयोजन, आसपास के गांवों की मंडलों ने दी शानदार प्रस्तुतियां.
शहर से लगे ग्राम खापामिट्ठे में मढ़ई मेला एवं अहिरी नृत्य का भव्य आयोजन उत्साह और उमंग के साथ संपन्न हुआ। इस दौरान पारंपरिक वेशभूषा में सजे अहीरों ने ढोल-मांदल की थाप पर जमकर नृत्य किया। देर रात तक चले इस आयोजन में बड़ी संख्या में ग्रामीणों एवं आसपास के क्षेत्रों से पहुंचे दर्शकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और कलाकारों का उत्साहवर्धन किया।
आयोजन के 11वें वर्ष में ग्राम नेर, झिरलिंगा एवं खापामिट्ठे की अहिरी नृत्य मंडलों ने अपनी आकर्षक एवं शानदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का मन मोह लिया। पारंपरिक लोकनृत्य की मनमोहक प्रस्तुतियों पर दर्शक भी झूम उठे। बेहतर प्रदर्शन करने वाली नृत्य मंडलों को आयोजन समिति एवं उपस्थित दर्शकों की ओर से पुरस्कृत कर उनका उत्साह बढ़ाया गया।
https://youtube.com/shorts/LCSAonDwt6w?si=iZLGKCdNteG_LKBp
उल्लेखनीय है कि खापामिट्ठे में मढ़ई मेले एवं अहिरी नृत्य की यह परंपरा विगत 11 वर्षों से लगातार निभाई जा रही है। इस आयोजन की विशेषता यह है कि ग्रामवासी आपसी सहयोग एवं जनसहभागिता से आर्थिक संसाधन जुटाकर कार्यक्रम का आयोजन करते हैं। ग्रामीणों की एकजुटता और सांस्कृतिक परंपराओं के प्रति समर्पण के चलते यह आयोजन प्रतिवर्ष भव्य रूप ले रहा है।
मढ़ई मेले एवं अहिरी नृत्य के माध्यम से क्षेत्र की समृद्ध लोकसंस्कृति, परंपरा और आपसी भाईचारे को जीवंत बनाए रखने का सराहनीय प्रयास किया जा रहा है। पूरे आयोजन के दौरान उत्साह और उल्लास का माहौल बना रहा।



