Home Uncategorized भाजपा सरकार युवाओं को रोजगार देने की बजाए उन्हें बेरोजगार करने पर...

भाजपा सरकार युवाओं को रोजगार देने की बजाए उन्हें बेरोजगार करने पर तुली:- नकुलनाथ

-प्रदेशभर के 3 लाख से अधिक आउटसोर्स कर्मचारियों को निकालना दुर्भाग्यपूर्ण निर्णय

-कांग्रेस छिन्दवाड़ा-पांढुर्ना सहित प्रदेश के प्रत्येक आउटसोर्स कर्मचारियों के साथ खड़ी है

-सरकार ने अपना निर्णय वापिस नहीं लिया तो कांग्रेस पूरे प्रदेश में उग्र आंदोलन करेगी

छिन्दवाड़ा:- जिले के पूर्व सांसद माननीय नकुलनाथ जी ने प्रदेश की भाजपा सरकार के द्वारा आउटसोर्स कर्मचारियों को नौकरी से निकाले जाने के निर्णय को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने केन्द्र और राज्य सरकार को जमकर घेरते हुए कहा कि युवाओं को रोजगार देने की बजाए, उन्हें बेरोजगार करने पर तुली है। पिछले लगभग 22 वर्षों के कार्यकाल में सरकार ने 22 हजार युवाओं को भी रोजगार से नहीं जोड़ा। युवाओं को रोजगार देने की नहीं रोजगार छीनने की नीति पर काम कर रही सरकार अब पूरी तरह से तानाशाही पर उतर आई है।

जारी बयान में उन्होंने आगे कहा कि छिन्दवाड़ा-पांढुर्ना सहित प्रदेशभर के लगभग 3 लाख आउटसोर्स कर्मचारियों को नौकरी से निकालने का फैसला दुर्भाग्यपूर्ण है। युवा रोजगार की तलाश में भटक रहे तो वहीं लगभग सभी शासकीय विभागों में कर्मचारियों की कमी है। ऐसे में सरकार को नई भर्तियां कर रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने चाहिए। नई नियुक्तियों के लिए वर्षों से कार्यरत कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया जाना पूरी तरह से गलत है। सर्वप्रथम पुराने कर्मचारियों को नियमित करने के लिए ठोस व कारगर कदम उठाए जाने चाहिए साथ ही स्थाई कर्मचारियों की भांति वेतन व भत्तों की व्यवस्था सर्वप्रथम करनी चाहिए। केन्द्र सरकार ने प्रतिवर्ष 2 करोड़ युवाओं को रोजगार देने का वादा किया था, वह आज तक पूरा नहीं हुआ तो कम से कम आउटसोर्स कर्मचारियों को स्थाई करने के उपरांत नई भर्तियां की जाए।

प्रदेश के 3 लाख आउटसोर्स कर्मचारियों को नौकरी से निकाले जाने का सीधा अर्थ है कि प्रदेश के तीन लाख परिवारों के सामने रोजी रोटी का संकट खड़ा करना। पहले से ही प्रदेश बेरोजगारी में देश में नम्बर एक पर है। इतनी बड़ी संख्या में रोजगार से जुड़े लोगों को बेरोजगार करने का सीधा अर्थ है कि भाजपा सरकार के पास रोजगार उपलब्ध कराने और युवाओं के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए कोई रोडमैप नहीं है। यह बड़े ही दुर्भाग्य की बात है कि सरकार रोजगार से जुड़े लोगों को पहले बेरोजगार कर रही फिर रोजगार देने का झूठा वादा कर रही….झूठा इसीलिये कि भाजपा सरकार हमेशा से ही युवाओं को रोजगार के नाम पर छलती आई है।

मेरी प्रदेश की भाजपा सरकार से मांग है कि वह आउटसोर्स कर्मचारियों को नौकरी से निकालने का फैसला तत्काल वापिस लें। अन्यथा कांग्रेस आउटसोर्स कर्मचारियों की नौकरी व उनके हितों को सुरक्षित करने के लिए प्रदेश स्तर पर व जिला स्तर पर उग्र आंदोलन करेगी।