Home Uncategorized प्रशासनिक अमले की लापरवाही के चलते कन्हैयाढाना में बीमार हुए 17 से...

प्रशासनिक अमले की लापरवाही के चलते कन्हैयाढाना में बीमार हुए 17 से अधिक बच्चे

दवा जहरीली तो कभी दूषित पानी बन रहा बीमारी और मौत का कारण, भाजपा का भ्रष्ट तंत्र जिम्मेदारियों से पूरी तरह बेखबर:- नकुलनाथ

-प्रशासनिक अमले की लापरवाही के चलते कन्हैयाढाना में बीमार हुए 17 से अधिक बच्चे

छिन्दवाड़ा:- जिले के पूर्व सांसद माननीय नकुलनाथ जी ने परासिया विधानसभा अंतर्गत ग्राम पंचायत खजरी अंतु के ग्राम कन्हैयाढ़ाना में दूषित पानी की वजह से 17 बच्चों के बीमार होने की घटना पर भाजपा सरकार के प्रशासनित तंत्र को आड़े हाथों लिया है। उन्होंने कहा कि इंदौर में दूषित पानी की वजह से 24 मौतों की पुष्टि प्रशासनिक है, लेकिन असली आंकड़ा कहीं अधिक है। इस हृदय विदारक घटना के बाद भी ना तो भाजपा सरकार जागी ना ही जिम्मेदार विभाग में कोई सुधार हुआ। आज तक किसी की जवाबदेही तय नहीं हुई। अब कन्हैयाढ़ाना में दूषित पानी बच्चों के लिए बीमारी का कारण बन चुका हैं। भाजपा सरकार में कभी दवा जहरीली तो कभी दूषित पानी बन रहा बीमारी और मौत का कारण।

परासिया और छिन्दवाड़ा विधानसभा में गत वर्ष जहरीले कफ सिरप से 24 से ज्यादा बच्चों की मौत हुई। इस मामले में भी स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही खुलकर सामने आई। ग्राम कन्हैयाढ़ाना में भी दूषित पेयजल के सेवन से बच्चों के बीमार होने की घटना में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की गंभीर खुलकर सामने आ रही है। इसका सीधा अर्थ हुआ कि अब प्रदेश व जिले में भाजपा सरकार की तरह ही प्रशासनिक तंत्र भी तानाशाही या फिर लापरवाही पर उतर आया है। ग्रामीणों के द्वारा लगातार शिकायत किए जाने के बाद भी प्रशासनिक अमले के द्वारा मामले को गम्भीरता से नहीं लिया जाना इस ओर इशारा कर रहा है कि भाजपा सरकार में जनता के स्वास्थ्य का कोई मूल्य शेष नहीं रह गया है।

बच्चों के बीमार होने और उनके स्वास्थ्य में सुधार नहीं होने की दशा में कांग्रेस के परासिया विधायक श्री सोहन बाल्मिक जी ने मौके पर पहुंचकर स्वास्थ्य परीक्षण व उपचार की व्यवस्था कराई। अब प्रश्न यह उठ रहा है कि यदि एक-एक गांव में जाकर विधायक को स्वयं स्वास्थ्य सेवाएं दुरुस्त करवानी पड़े तो फिर भाजपा सरकार के सम्बंधित प्रशासनिक तंत्र की जिम्मेदारी क्या है?

शासन-प्रशासन तत्काल जिले के सभी ग्रामों में स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करे तथा इस गंभीर लापरवाही के जिम्मेदार अधिकारियों पर कठोर कार्रवाई करें, ताकि भविष्य में जिले को ऐसी किसी जनहानि का सामना न करना पड़े। क्योंकि कफ सिरप जैसी हृदय विदारक घटना आज भी लोगों के दिलो दिमाग पर प्रशासनिक लापरवाही की छाप छोड़ चुका है। दूषित पेयजल की वजह से बच्चों का बीमार होना एक बार फिर सम्बंधित प्रशासनिक अमले की कार्यप्रणाली पर अनेकों प्रश्नचिन्ह खड़े कर रही है। मेरा शासन व प्रशासन से विनम्रतापूर्ण आग्रह है कि ग्राम कन्हैयाढ़ाना में तत्काल शुद्ध पेयजल के साथ ही समस्त उपचार की व्यवस्थाएं की जाए, बच्चों के स्वास्थ्य को दृष्टिगत रखते हुए तत्काल सम्पूर्ण व्यवस्थाएं बनाई जाए।