Home CITY NEWS बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने वाले सीएमओ पर कलेक्टर हरेंद्र नारायण की सख्त...

बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने वाले सीएमओ पर कलेक्टर हरेंद्र नारायण की सख्त कार्रवाई: सभी को चेतावनी पत्र जारी, नगरीय निकायों में फायर सेफ्टी और मॉक ड्रिल के कड़े निर्देश

छिंदवाड़ा। जिले में अग्नि सुरक्षा प्रबंधों की सुदृढ़ता, और आगामी त्यौहारों को दृष्टिगत रखते हुए जिला कलेक्टर श्री हरेंद्र नारायण की अध्यक्षता में नगर निगम सभाकक्ष में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिला कलेक्टर ने बिना पूर्व अनुमति के मुख्यालय से नदारद रहने वाले विभिन्न नगरीय निकायों के मुख्य नगरपालिका अधिकारियों (CMO) पर कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए उन्हें तत्काल लिखित चेतावनी जारी करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने स्पष्ट शब्दों में चेताया कि प्रशासनिक कार्यों में लापरवाही और बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने वाले अधिकारियों को बख्शा नहीं जाएगा। जिला कलेक्टर द्वारा मध्यप्रदेश अग्निशमन और आपातकालीन सेवा सामान्य नियम 2026 पर विस्तृत चर्चा को गई। बैठक के दौरान जिले के समस्त नगरीय निकायों में अग्नि सुरक्षा और आपदा प्रबंधन की व्यवस्थाओं की बिंदुवार समीक्षा की गई। जिला कलेक्टर ने कड़े निर्देश दिए कि सभी नगर पालिका और नगर परिषदों में पर्याप्त संख्या में प्रशिक्षित फायर स्टाफ की चौबीस घंटे उपस्थिति अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। फायर स्टाफ को किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए हर वक्त ‘क्विक रिस्पांस’ (त्वरित कार्रवाई) हेतु तैयार रहने को कहा गया है। इसके साथ ही सभी फायर स्टेशनों एवं कार्यालयों में एक सुव्यवस्थित फायर प्लान और फायर कम्युनिकेशन प्लान सदैव अपडेट रखने के निर्देश दिए गए। बैठक में निकायों के पास उपलब्ध सुरक्षा उपकरणों की भौतिक स्थिति की जानकारी लेते हुए जिला कलेक्टर ने नगर निगम आयुक्त श्री सी.पी. राय को परासिया क्षेत्र के सुरक्षा उपकरणों का विशेष रूप से रिव्यू करने के निर्देश दिए। साथ ही, फायर ऑफिसर श्री अभिषेक दुबे को जिले के सभी नगरीय निकायों (ULB) के सुरक्षा उपकरणों की तकनीकी जाँच करने की जिम्मेदारी सौंपी गई। कलेक्टर ने यह भी निर्देश दिए कि जिले के सभी अस्पतालों, शॉपिंग मॉल्स और सार्वजनिक व्यावसायिक परिसरों में अग्नि सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन हो रहा है या नहीं, इसकी जाँच के लिए औचक निरीक्षण किए जाएं। आपदा प्रबंधन को और अधिक पुख्ता बनाने के लिए जिला मुख्यालय पर विशेष फायर प्रशिक्षण आयोजित करने के निर्देश दिए गए हैं, जिसमें आगामी दिनों में सभी सीएमओ और फायर सेफ्टी ऑफिसर्स को प्रशिक्षित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, सभी फायर ब्रिगेड वाहनों और पानी के टैंकर्स में सदैव जल की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने, ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों का औचक परीक्षण करने तथा प्रत्येक सीएमओ को अपने अधिकृत ‘लिंक ऑफिसर’ की व्यवस्था सुनिश्चित करने के बाद ही अवकाश पर जाने के निर्देश दिए गए।
कलेक्टर ने सभी सीएमओ को अपनी सभी शाखाओं की नियमित बैठक लेकर कार्यों की समीक्षा करने और समय-समय पर मॉक ड्रिल आयोजित करने के निर्देश दिए। आगामी 15 दिवस पश्चात आयोजित होने वाली अगली बैठक में सभी निकायों को अपने अद्यतन फायर प्लान के साथ प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया है। इस महत्वपूर्ण बैठक में नगर निगम आयुक्त एवं जिला परियोजना अधिकारी शहरी विकास अभिकरण श्री सी.पी. राय सहित जिले के समस्त नगरीय निकायों के मुख्य नगरपालिका अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी-कर्मचारी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।