Home Uncategorized मनाया जायेगा भगवान श्री सहस्त्रबाहु अर्जुन जन्मोत्सव

मनाया जायेगा भगवान श्री सहस्त्रबाहु अर्जुन जन्मोत्सव

भगवान श्री सहस्त्रबाहु अर्जुन जन्मोत्सव पर छिंदवाड़ा में निकलेगी विशाल वाहन रैली, कृष्णा लॉन में होगा भव्य आयोजन

सूर्यवंशी कलार समाज की महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न, 16 नवंबर को धूमधाम से मनाया जाएगा आराध्य देव का जन्मोत्सव

सूर्यवंशी कलार समाज के आराध्य देव, धर्म और न्याय के प्रतीक भगवान श्री सहस्त्रबाहु अर्जुन महाराज के पावन जन्मोत्सव को भव्यता एवं श्रद्धा के साथ मनाने की तैयारियों को लेकर समाज की महत्वपूर्ण बैठक सम्पन्न हुई।

बैठक में आगामी 16 नवंबर को भगवान श्री सहस्त्रबाहु अर्जुन महाराज का जन्मोत्सव धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाने का निर्णय लिया गया। इस अवसर पर प्रातः 10 बजे दशहरा मैदान स्थित सहस्त्रबाहु चौक में भगवान का पूजन एवं आरती की जाएगी। इसके पश्चात दशहरा मैदान से भगवान श्री सहस्त्रबाहु अर्जुन महाराज के जयघोष के साथ विशाल वाहन रैली निकाली जाएगी।

यह विशाल वाहन रैली नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए कृष्णा लॉन पहुंचेगी, जहां भगवान श्री सहस्त्रबाहु अर्जुन महाराज का जन्मोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। कृष्णा लॉन में विभिन्न धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

बैठक की अध्यक्षता श्री खुशनयन सूर्यवंशी जी ने की। वहीं कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी देते हुए मीडिया प्रभारी अखिल सूर्यवंशी ने बताया कि यह केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि हमारे आराध्य देव के प्रति आस्था, श्रद्धा और समाज की एकजुटता का महापर्व है। उन्होंने समाज के सभी परिवारों, युवाओं, मातृशक्ति एवं वरिष्ठजनों से सपरिवार शामिल होकर जन्मोत्सव को ऐतिहासिक और यादगार बनाने की अपील की।

बैठक के अंत में समाज के अध्यक्ष श्री देवी चंद सूर्यवंशी जी ने उपस्थित समस्त सामाजिक बंधुओं का आभार व्यक्त किया।

आइए, अपने आराध्य देव के जन्मोत्सव पर एक साथ चलें, एक साथ जुड़ें और भगवान श्री सहस्त्रबाहु अर्जुन महाराज के जयकारों से छिंदवाड़ा की धरा को भक्तिमय बनाएं।